पटना में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की टीम ने एडीएम (आपूर्ति) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की जिला सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ले रही है। पटना (दानापुर के कश्यप ग्रीनसिटी नहर रोड इलाका समेत), बेगूसराय स्थित पैतृक आवास और अन्य ठिकाने पर निगरानी इकाई की विशेष टीम बरामद धनराशि और अचल संपत्ति के आकलन में जानकारी प्राप्त कर रही है।
आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी क्रमांक 113/26 के अंतर्गत सर्च वारंट जारी होने के बाद पटना के एडीशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की डिस्ट्रिक्ट सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर विजिलेंस ब्यूरो की तलाशी ली गई है। दंपति अधिकारियों पर ज्ञात आय स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। विशेष निगरानी न्यायालय से सर्च वारंट लेकर कार्रवाई शुरू की गई। रविंद्र कुमार पहले गयाजी में एसडीएम रह चुके हैं।
पटना आवास से 1 करोड़ रुपये से अधिक नकदी (100 से ज्यादा 500 के नोटों की गड्डियां), 35 से अधिक महंगी घड़ियां (कुछ स्विस वॉच बताई जा रही हैं) और बेगूसराय से 9 लाख रुपये से अधिक नकदी + सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा निवेश, जमीन, फ्लैट और बैंकिंग से जुड़े कई दस्तावेज भी मिले हैं। टीम इनका मूल्यांकन और घोषित आय से मिलान कर रही है