ऊंचाहार में सपा की हुंकार, दिग्गज नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश युवा नेता आकाश मौर्य ने वर्तमान विधायक पर साधा तीखा निशाना, पीडीए के सहारे संगठन मजबूत करने पर जोर
ऊंचाहार, रायबरेली। समाजवादी पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र ऊंचाहार में महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक एवं सम्मान समारोह आयोजित कर आगामी चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों का शंखनाद किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और रणनीतिकारों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूती देने वाले कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का मंच पर माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान युवा नेता आकाश मौर्य ने ऊंचाहार के वर्तमान विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
सपा नेताओं ने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है। पीडीए वर्ग को साथ लेकर चलना पार्टी की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक मौजूद रहे।