कार हादसे के बाद भी नहीं चेता प्रशासन, दुर्गा नर्सरी का जानलेवा गड्ढा अब भी जस का तस
उदयपुर। शहर के अशोक नगर से दुर्गा नर्सरी मार्ग पर 14 जुलाई को सड़क धंसने से एक कार अचानक बने विशाल गड्ढे में फंस गई थी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना ने सड़क की बदहाल स्थिति को उजागर कर दिया।
घटना के तीन दिन बाद, 17 जुलाई को शहर विधायक ताराचंद जैन, नगर निगम के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान अधिकारियों ने गड्ढे की जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन दो सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है।
वर्तमान में सड़क पर बना यह विशाल गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं, आसपास के दुकानदारों और व्यापारी संघ ने भी नाराजगी जताई है। व्यापारियों का कहना है कि गड्ढे में पानी जमा रहने से पूरे दिन दुर्गंध और बदबू फैलती रहती है, जिससे ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल गड्ढे की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।