जसरासर थाने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन,
छह युवकों को अवैध हिरासत में बैठाने का आरोप
बीकानेर। बीकानेर जिले के जसरासर थाना परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय माहौल गरमा गया जब बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंच गए और छह युवकों को कथित रूप से बिना वजह थाने लाकर बैठाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछली सोमवार की रात करीब 9 बजे मदनलाल, राजेंद्र, अनिल, सुंदरलाल और श्रवण सहित अन्य युवक अपने घर के आगे खड़े थे। इसी दौरान जसरासर थाने से पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और युवकों को गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने बिना किसी कारण उन्हें करीब एक घंटे तक थाने में बैठाए रखा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस पर गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगाए। ग्रामीण थानाधिकारी से माफी मांगने की मांग पर अड़े रहे तथा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं इस मामले को लेकर नोखा सीओ जनरेल सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर वे जसरासर थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि गलतफहमी के कारण लोग एकत्रित हो गए थे। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाइश के बाद मामला शांत हो गया और स्थिति सामान्य है।
Bikaner, Bikaner | Jun 16, 2026