#देवरिया: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर डीएम-एसपी अलर्ट, घाटों का किया निरीक्षण
देवरिया पोस्ट | 10 अक्टूबर
#देवरिया। दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सलेमपुर तहसील क्षेत्र के नदावर घाट सहित विभिन्न विसर्जन घाटों और मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
विसर्जन घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विसर्जन मार्गों को अवरोधमुक्त रखने और आवागमन सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने घाटों पर प्रकाश, पेयजल, बिजली, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई होने पर जेसीबी और क्रेन की व्यवस्था रखने के साथ ही गोताखोरों एवं नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
समय से अनुमति लें दुर्गा पंडाल आयोजक
डीएम ने दुर्गा पंडाल आयोजकों से अपील की कि वे पंडाल स्थापना, कार्यक्रम आयोजन और डीजे संचालन के लिए निर्धारित प्रारूप में समय से अनुमति प्राप्त कर लें। अंतिम समय तक अनुमति के लिए इंतजार न करें। उन्होंने डीजे की ऊंचाई और ध्वनि स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा कार्यक्रमों में धार्मिक भजन और परंपरागत गीतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसा कोई कृत्य नहीं करने की अपील की, जिससे किसी की धार्मिक आस्था आहत हो।
बिजली सुरक्षा, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
जिलाधिकारी ने दुर्गा पंडालों में विद्युत सुरक्षा के सभी जरूरी उपाय अपनाने और बिजली से संबंधित कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार कराने को कहा। अधिशासी अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिमा स्थापना स्थलों, झांकी मार्गों और विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यकता के अनुसार एंबुलेंस और अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया। वहीं, उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेगा पर्याप्त पुलिस बल
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा विसर्जन घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर, नगर निकाय अध्यक्ष, थानाध्यक्ष सलेमपुर, राजस्व कर्मी और पुलिसकर्मी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
देवरिया पोस्ट | खबरों के लिए जुड़े रहें।
Salempur, Deoria | Oct 10, 2026