महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में महिलाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए विशेष जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान जारी
अभियान के तहत बुजुर्ग महिलाओं एवं एकाकी बुजुर्ग दम्पत्तियों से घर-घर जाकर किया जा रहा संवाद, महिला बीट अधिकारी भी लगातार महिलाओं एवं बालिकाओं को कर रहे हैं जागरूक
राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय, राजस्थान के निर्देशानुसार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 01 जुलाई 2026 से 29 जुलाई 2026 तक जिलेभर में "महिला सुरक्षा संकल्प अभियान" संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना तथा पुलिस एवं समाज के बीच समन्वय को मजबूत करना है। पुलिस अधीक्षक धौलपुर श्री विकास सांगवान के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्री श्रवण कुमार झोरड़ तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिकाऊ प्रकोष्ठ श्री हवा सिंह के सुपरविजन में जिले के समस्त थाना अधिकारियों, वृत्त अधिकारियों एवं महिला बीट अधिकारियों द्वारा अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमें एकल एवं बुजुर्ग महिलाओं तथा एकाकी बुजुर्ग दम्पत्तियों के घर-घर जाकर उनसे आत्मीय संवाद स्थापित कर रही हैं। इस दौरान उनकी सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली जा रही है तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों एवं पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। साथ ही उन्हें यह विश्वास दिलाया जा रहा है कि धौलपुर पुलिस हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए तत्पर है।
इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं, महिला श्रमिकों, छात्राओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, सरकारी योजनाओं तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को निम्न विषयों पर विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है—
महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के उपाय।
राजकॉप (RajCop) ऐप के उपयोग की जानकारी।
गरिमा हेल्पलाइन 1090।
साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर अपराधों से बचाव।
आपातकालीन हेल्पलाइन 112।
साइबर सुरक्षा के Do's & Don'ts।
महिला बीट अधिकारी योजना एवं कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की जानकारी।
किरायेदार एवं घरेलू नौकरों के सत्यापन का महत्व।
महिलाओं से संबंधित कानूनी अधिकार एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी।
वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर एवं महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की सेवाओं की जानकारी।
महिला बीट अधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित किया जा रहा है। वे विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में पहुँचकर महिलाओं एवं किशोरियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा संबंधी प्रावधानों, साइबर अपराधों से बचाव, हेल्पलाइन सेवाओं एवं आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। साथ ही महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का कार्य किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत महिला पुलिस अधिकारियों एवं स्थानीय एजेंसियों के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर, संवाद कार्यक्रम, जनसंपर्क गतिविधियाँ का आयोजन किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं तक पुलिस की सुरक्षा सेवाओं, कानूनी सहायता एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँच सके और वे आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी संकोच के पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें। धौलपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध अथवा महिलाओं के विरुद्ध किसी भी अपराध की सूचना तत्काल संबंधित पुलिस थाना अथवा आपातकालीन हेल्पलाइन 112, गरिमा हेल्पलाइन 1090 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण सुनिश्चित करना धौलपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।