मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मझौलीराज में तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा
Deoria Post । मुख्यमंत्री के 29 अगस्त को मझौलीराज में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम्य विकास राज्यमंत्री एवं सलेमपुर विधायक विजयलक्ष्मी गौतम, भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने हेलीपैड, मंच, पंडाल, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और साफ-सफाई समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई के साथ सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जाए। पार्किंग स्थल का चयन इस तरह किया जाए कि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने हेलीपैड निर्माण से जुड़े कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय से पहले पूरा करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिस अधिकारी को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कराई जाएं। जनप्रतिनिधियों ने भी व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, उप जिलाधिकारी सलेमपुर, उप जिलाधिकारी भाटपाररानी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Salempur, Deoria | Aug 26, 2026