*पुरजागीर पावर हाउस बाजार में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह*
*चील्ह, मिर्जापुर।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम विंध्याचल आगमन पर गुरुवार को चील्ह के पुरजागीर पावर हाउस बाजार में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
जिला अध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के अगुआई में विधायक रमाशंकर पटेल, सुष्मिता मौर्य, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल, मंडल अध्यक्ष कोन भाजपा उमेश तिवारी सहित हजारों कार्यकर्ता सुबह 8 बजे से ही फूल माला और गुलाब के फूल लेकर सड़क के दोनों ओर खड़े थे। प्रदेश अध्यक्ष के काफिले के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर और ढोल-नगाड़े, डीजे व बुलडोजर के साथ भव्य स्वागत किया।
स्वागत सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम सभी को पार्टी की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इसी मेहनत के दम पर 2027 में एक बार फिर भाजपा सरकार का परचम लहराएगा और हम पुनः सरकार बनाएंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं के जोश और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि आप लोगों की मेहनत से ही पार्टी जमीनी स्तर पर मजबूत होती है। हर कार्यकर्ता पार्टी का चेहरा है, इसलिए गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाएं।
कार्यक्रम में भारी संख्या में महिला और युवा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर सुबह से ही बाजार क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल था।