के.पी.एम चैरिटेबल अस्पताल में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 138 मरीजों ने उठाया लाभ
मानव सेवा ही है सबसे बड़ा धर्म : शंकर लाल धपूड़
प्रत्येक जरूरतमंद तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाना था शिविर का उद्देश्य : हर्षदीप डुडेजा
भिवानी, 28 जून : स्थानीय नागरिकों को उनके घर के नजदीक ही देश की उच्च स्तरीय और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को गुरुग्राम के आर्टेमिस अस्पताल और स्थानीय के.पी.एम चैरिटेबल अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय कृष्णा कॉलोनी स्थित कहरोड़ भवन में के.पी.एम चैरिटेबल अस्पताल में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में भारी उत्साह देखा गया और कुल 138 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें नि:शुल्क परामर्श व दवाइयां दी गईं।
स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ एवं भिवानी ट्रैफिक एसएचओ संजय कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिविर की अध्यक्षता के.पी.एम चैरिटेबल अस्पताल के चेयरमैन, पार्षद प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता हर्षदीप डुडेजा ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शंकर लाल धूपड़ व संजय कुमार ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। गुरुग्राम के आर्टेमिस जैसे प्रतिष्ठित अस्पताल के विशेषज्ञों को भिवानी लाकर स्थानीय लोगों को नि:शुल्क सेवाएं देना एक बेहद पुनीत कार्य है। इससे उन जरूरतमंदों को बड़ा संबल मिलता है जो बड़े शहरों में जाकर महंगा इलाज कराने में असमर्थ हैं। शिविर में मुख्य रूप से आधुनिक चिकित्सा पद्धति के कई बड़े विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं।
के.पी.एम चैरिटेबल अस्पताल के चेयरमैन, पार्षद प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता हर्षदीप डुडेजा ने बताया कि कैंप में पहुंचे मरीजों को हृदय रोग, मस्तिष्क रोग व हड्डी रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की गहन जांच की गई। इसके अलावा शिविर में आने वाले सभी लोगों के लिए ब्लड शुगर, बी.पी. टेस्ट, बोन डेंसिटी और ई.सी.जी. जैसी महत्वपूर्ण व महंगी जांचें पूरी तरह से नि:शुल्क की गईं। शिविर में रक्त से संबंधित गंभीर बीमारियों और विभिन्न प्रकार के ब्लड कैंसर से पीडि़त मरीजों के लिए भी विशेष परामर्श व मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। जांच के बाद डॉक्टरों की पर्ची के आधार पर सभी मरीजों को अस्पताल प्रबंधन की ओर से मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य यह है कि भिवानी के नागरिकों को गंभीर से गंभीर बीमारी के इलाज के लिए बड़े शहरों के चक्कर न काटने पड़ें। के.पी.एम चैरिटेबल अस्पताल भविष्य में भी इसी तरह के बड़े और विशेषज्ञ शिविरों का आयोजन करता रहेगा ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक भी देश की बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें। उन्होंने बताया कि के.पी.एम चैरिटेबल अस्पताल के प्रधान ब्रिजेश महतानी द्वारा दिल्ली, गुरूग्राम के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के सहयोग से समय-समय पर भिवानी में इस प्रकार के शिविर लगाए जाते रहते है,
इस अवसर पर सुशील सरदाना, कमल डुडेजा, अंचल अरोड़ा, सूरज गांधी, गणपत जसूजा, दर्शन मिढ्ढा, विकास महता, सुरेश अरोड़ा, चिरंजीलाल सांवरिया, गजराज जोगपाल, संजय जोशी, संजय दुआ, शशी भूषण शास्त्री, रवि खन्ना, धीरज कटारिया, अशोक बजाज, डा. नरेश भारद्वाज, संजय जोशी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Jun 28, 2026