जिला अस्पताल में मरीज को घसीटकर ले जाने का वीडियो वायरल
अयोध्या। जिला चिकित्सालय के लावारिस वार्ड में भर्ती मरीज को जमीन पर घसीटकर ले जाने का कथित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो सामने आने के बाद समाजसेवियों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।वायरल वीडियो में एक व्यक्ति लावारिस वार्ड में भर्ती मरीज को जमीन पर घसीटकर ले जाता दिखाई दे रहा है। वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्वयंसेवी संस्था अज्ञात सेवा समिति के रवि मौर्या और मोनू खान तथा समाजसेवी रितेश दास ने पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय से मुलाकात की। उन्होंने मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही।
समाजसेवी रितेश दास ने भी जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रकरण की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।समाजसेवियों का कहना है कि अस्पताल में भर्ती मरीजों, विशेषकर लावारिस मरीजों की देखभाल में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर घटना की पूरी जानकारी सामने लाने की मांग की है।हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। यह वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रहा मरीज तथा व्यक्ति कौन हैं, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Sadar, Faizabad | Oct 6, 2026