एंटी नारकोटिक्स सेल ने दो नशा तस्करों को पकड़ा, 23.75 ग्राम हेरोइन बरामद
पलवल। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पलवल पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल दीघोट ने थाना बहीन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 23.75 ग्राम हेरोइन (स्मैक) और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी उप निरीक्षक हरीश खान के अनुसार, 29 अगस्त को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि साकिब और सोहिल निवासी नंगला अहसानपुर सेवली कट नाका, बहीन के पास हेरोइन बेचने के लिए खड़े हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को काबू कर लिया। तलाशी में साकिब से 13.38 ग्राम और सोहिल से 10.37 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
थाना बहीन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जाएगी।
Palwal, Palwal | Aug 30, 2026