#रामपुर बुशहर। संभव जन कल्याण ट्रस्ट की ओर से आरोग्य हेल्थ एंड वेलनेस और टेस्टिंग पॉइंट क्लिनिकल लेबोरेटरी के सहयोग से हिमाचल पथ परिवहन निगम रामपुर की कार्यशाला में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में एचआरटीसी में कार्यरत सभी कर्मचारियों का हाइट, वजन, शुगर, ब्लड प्रेशर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच निशुल्क की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह भी दी। शिविर में डॉ. आंचल शर्मा कटोच सहित उनकी टीम ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री हरीश कुमार पराशर ने निगम प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लगाए गए इस स्वास्थ्य जांच शिविर का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम के कर्मचारी दिन-रात कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं प्रदान करते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच बेहद आवश्यक है।
हरीश कुमार पराशर ने प्रबंधन से मांग की है कि रामपुर की तर्ज पर एचआरटीसी के अन्य डिपो, कार्यशालाओं और कार्यस्थलों पर भी समय-समय पर कर्मचारियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं, ताकि कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उनके कार्यस्थल पर ही उपलब्ध हो सके।
Rampur, Shimla | Aug 21, 2026