महुली पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह के 3 शातिर गिरफ्तार, 5 चोरी की मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल बरामद
संतकबीरनगर। महुली थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें और 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत महुली थाना पुलिस को यह सफलता मिली।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामचंद्र गुप्ता निवासी रामपुर थाना खलीलाबाद, प्रियांशु सिंह उर्फ सिंटू निवासी खरवनिया कला थाना महुली तथा कुनाल निवासी इमिलडिहा थाना सहजनवा जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। तीनों को मैनसिर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर देवरिया, लखनऊ (इटौंजा/बीकेटी), बाराबंकी सहित कई जनपदों से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। उनकी निशानदेही पर दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
अभियुक्तों ने बताया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेचकर उससे मिलने वाले पैसों का आपस में बंटवारा कर अपना खर्च चलाते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया।
इस मामले में थाना महुली पर मु.अ.सं. 302/2026 के तहत धारा 317(2), 317(4) एवं 112(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पाण्डेय, एंटी थेफ्ट सेल प्रभारी अभिमन्यु सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी अजय सिंह सहित महुली थाना, एंटी थेफ्ट सेल एवं सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।