मणिपुर आतंकी हमला / शहीद बलवंत सिंह खेतवाल को नम आंखों से अंतिम विदाई, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार।
लालकुआँ। मणिपुर के उखरूल जिले में संदिग्ध उग्रवादियों के आतंकी हमले में शहीद हुए उत्तराखंड के वीर सपूत वारंट ऑफिसर बलवंत सिंह खेतवाल का पार्थिव शरीर गुरुवार को लालकुआँ स्थित उनके आवास पहुंचा। पार्थिव शरीर के पहुंचते ही पूरा क्षेत्र "भारत माता की जय" और "शहीद बलवंत सिंह अमर रहें" के नारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ शहीद का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए चित्राशिला घाट ले जाया गया। इस दौरान सेना, प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों और हजारों नागरिकों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।