लखनऊ में कोचिंग-व्यावसायिक भवन में भीषण आग, 15 लोगों की मौत
- बेसमेंट में एसी ब्लास्ट से आग लगने की आशंका; कई छात्रों ने जान बचाने के लिए लगाई छलांग, SDRF-NDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बहुमंजिला भवन में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में 3 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। अधिकांश मृतक 20 से 30 वर्ष आयु वर्ग के छात्र बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, आग दोपहर करीब 1:30 बजे उस भवन में लगी, जिसके बेसमेंट, ग्राउंड और प्रथम तल पर पेट शॉप एवं क्लीनिक संचालित थे, जबकि दूसरे तल पर ‘लर्निंग स्पेस’ नामक लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर के साथ-साथ एक 3डी आर्ट एवं गेमिंग स्टूडियो भी संचालित हो रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग फैलते ही भवन में अफरा-तफरी मच गई। दूसरे तल पर मौजूद कई छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर जान बचाने का प्रयास किया। वहीं कुछ लोगों ने खिड़कियों और बिजली के तारों के सहारे नीचे उतरने की कोशिश की। एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रदेश सरकार के मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बेसमेंट में लगे एसी में ब्लास्ट होने के बाद आग लगने और तेजी से धुआं फैलने की आशंका है। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF और NDRF की टीमों ने भवन के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। कई स्थानों पर पहुंचने में कठिनाई होने पर फायरकर्मियों ने भवन की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शवों को बाहर निकाला। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिए गए हैं।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर भवन में सुरक्षा मानकों और आपातकालीन निकासी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
Sirsa, Sirsa | Jun 22, 2026