👉#नौ साल का दृष्टिहीन बालक, मंदिर की चौखट पर काट रहा जिंदगी
--#एक्सईएन रथिन सिन्हा चंदन से मिले, दुलार कर भावुक हुए, जरूरी सामान देकर हरसंभव मदद का भरोसा
शाहजहांपुर। एक दृष्टिहीन बालक चंदन और उसके पिता रक्षपाल पिछले करीब एक माह से ओसीएफ मंदिर के सामने पन्नी डालकर रहने को मजबूर हैं। चंदन जन्म से ही दृष्टिहीन है और अपने बुजुर्ग पिता के सहारे जिंदगी गुजार रहा है। उसकी स्थिति की जानकारी मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन रथिन सिन्हा चंदन से मिलने पहुंचे।चंदन को सामने देख एक्सईएन जमीन पर बैठ गए और उसे अपने पास बैठाकर दुलार किया। मासूम की हालत और उसके परिवार की मजबूरी देखकर वह भावुक नजर आए। उन्होंने चंदन और उसके पिता से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी। इसके बाद बच्चे के लिए खाने-पीने का सामान और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही आगे भी हरसंभव मदद करने का भरोसा दिया।एक्सईएन ने चंदन के इलाज के लिए भी मदद का आश्वासन दिया।ग्राम रामापुर नानकारी, सिसौवा, विकासखंड भावलखेड़ा निवासी बुजुर्ग रक्षपाल अपने नौ वर्षीय जन्म से दृष्टिहीन बेटे चंदन सिंह के साथ करीब एक माह से ओसीएफ के सामने पन्नी डालकर रहने को मजबूर हैं। बेटे के सिर पर छत और परिवार को सुरक्षित जगह मिल सके, इसके लिए रक्षपाल डीएम दरबार और ददरौल विधायक से मिलकर मदद की गुहार लगा चुके हैं। डीएम की ओर से बुजुर्ग पिता और बच्चे के रहने के लिए गांव में ही जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान की ओर से भी लिखित पत्र दिया गया है। हालांकि अभी तक जमीन की व्यवस्था नहीं हो सकी है। ऐसे में पिता-पुत्र मंदिर के सामने ही किसी तरह दिन और रात गुजार रहे हैं।
#pdw @topfans
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Sep 16, 2026