शिक्षक भविष्य के निर्माता और राष्ट्र-निर्माण की मजबूत नींव : संदीप कटारिया
रोहतक। शिक्षक दिवस के अवसर पर रेनकपुरा, रोहतक स्थित ग्लोरियस किड्स वैली स्कूल में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध युवा प्रेरक एवं प्रशिक्षक संदीप कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि डॉ. फौजी इंडिया ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
विद्यालय के निदेशक महेंद्र मेहरा ने मुख्य अतिथि संदीप कटारिया का विद्यालय के स्टाफ सदस्यों के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह, सम्मान और प्रेरणा का वातावरण देखने को मिला।
मुख्य अतिथि संदीप कटारिया ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षण सबसे महान और महत्वपूर्ण व्यवसाय है, क्योंकि शिक्षक ही डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, अधिकारी, वकील और समाज के अन्य सभी पेशेवरों का निर्माण करते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन जीने की कला, नैतिकता, अनुशासन, संस्कार और जीवन में सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने शिक्षकों का सदैव सम्मान करें और उनके द्वारा दिए गए संस्कारों एवं ज्ञान को अपने जीवन में अपनाएं।
इस अवसर पर संदीप कटारिया ने सभी शिक्षकों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना भी भेंट की। उन्होंने संविधान की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमें समानता, न्याय, स्वतंत्रता, शांति, भाईचारे और बंधुत्व का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों को विद्यार्थियों तक पहुंचाना और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाना हम सभी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि डॉ. फौजी इंडिया ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया तथा उन्हें महापुरुषों एवं बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन से संबंधित पुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि महान व्यक्तित्वों के संघर्ष, विचार और उपलब्धियां विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और बच्चों को उनके जीवन से सीख लेकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाना चाहिए।
समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने सुंदर कविताएं प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Rohtak, Rohtak | Sep 5, 2026