ग्वालियर में 'अपहरण' की खबर निकली गलत, पुलिस जांच में खुली पारिवारिक विवाद की पूरी कहानी...
ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र स्थित वीरम गांव में एक महिला के कथित अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर पांच लोगों को हिरासत में लेकर महिला समेत सभी को थाने पहुंचाया। पूछताछ के दौरान मामला पूरी तरह पलट गया। जांच में सामने आया कि यह अपहरण नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद का मामला था। बताया गया कि पति से विवाद के बाद महिला पिछले तीन दिनों से खाना नहीं खा रही थी, जिसके चलते ससुराल पक्ष उसे जबरन मायके छोड़ने ले जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने अपहरण की आशंका जताकर पुलिस को सूचना दे दी। फिलहाल पुलिस ने महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए पूरे मामले की जांच जारी रखी है।