प्रेस विज्ञप्ति
जिला निर्वाचन शाखा , जमुई
22 अक्टूबर 2026
शीर्षक: बिहार विधान परिषद् के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 को लेकर संयुक्त ब्रीफिंग संपन्न: निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान की तैयारियां पूरी।
जमुई:बिहार विधान परिषद् के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 के अंतर्गत 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, स्वतंत्र, पारदर्शी और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने हेतु सहायक निर्वाची पदाधिकारी कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सह जिला पदाधिकारी, जमुई और पुलिस अधीक्षक, जमुई की संयुक्त अध्यक्षता में पीठासीन पदाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग के दौरान सहायक निर्वाची पदाधिकारी कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सह जिला पदाधिकारी, जमुई ने सभी अधिकारियों और दंडाधिकारियों ,पुलिस पदाधिकारियों और मतदान दलों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। जिले में कुल 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें प्रखंड विकास पदाधिकारी , जमुई के कार्यालय में एक तथा शेष 10 मतदान केंद्र जिले के सभी अंचल कार्यालयों में बनाया गया है। इस निर्वाचन में जिले के कुल 6,455 मतदाता (5,252 पुरुष और 1,203 महिला मतदाता) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चुनाव में कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 15 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में हैं। मतदान का समय सुबह 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक निर्धारित है।
निर्वाचन प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए Presiding App के संबंध में पीठासीन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे सामग्री प्राप्त करने से लेकर वज्रगृह तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ऐप' पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। इसके अलावा, मतदान दिवस के दिन हर दो घंटे पर मतदान प्रतिशत की अद्यतन जानकारी Presiding App पर दर्ज करने के साथ-साथ जिला नियंत्रण कक्ष को भी सूचित करें। मतदान की गोपनीयता बनाए रखते हुए सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
जिन मतदाताओं के पास किसी कारणवश मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, ऐसी स्थिति में मतदाताओं की सुविधा और पहचान के लिए आयोग द्वारा निर्धारित 10 वैकल्पिक पहचान पत्रों (जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र आदि) के प्रयोग की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही, मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल, पेन या पेंसिल ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए केंद्रों पर मोबाइल होल्डर और समर्पित कर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल, सुपर जोनल और स्टैटिक दंडाधिकारियों को सतर्क रहने तथा मतदान समाप्ति के उपरांत मतपेटी को निर्धारित रूट से सुरक्षित वज्रगृह तक पहुंचाने का सख्त निर्देश दिया गया।
आज के इस संयुक्त ब्रीफिंग के अवसर पर अपर समाहर्ता जमुई, जिला परिवहन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता श्री सावन सहित सभी पीठासीन पदाधिकारी सभी दंडाधिकारी पुलिस पदाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी और सुपर जोनल दंडाधिकारी उपस्थित थे।
Jamui, Bihar | Oct 22, 2026