रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटनाः 8 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का आरोप, पंचायत में पंचों द्वारा समझौते का दबाव 25 अगस्त की घटना का आरोप, ₹2 लाख में समझौते की बात; पिता ने कहा- बेटी को न्याय दिलाने थाने पहुंचा तो झूठे केस में फंसाने की धमकी मिली
छतरपुर। जिले के बाजना थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसके रिश्ते के चाचा द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस बच्ची और माता पिता को अभिरक्षा में लेकर छतरपुर महिला थाने लाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
मासूम के माता-पिता का आरोप है कि घटना 25 अगस्त की है। उनका कहना है कि वे दोनों फेरी की दुकान लगाते हैं और बच्ची भी उनके साथ गई थी। दोपहर में खाना खाने के लिए बच्ची रोज की तरह अकेले घर पहुंची। इसी दौरान घर के बगल में रहने वाले आरोपी गोविंद लखेरे ने मौका पाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
परिजनों के मुताबिक, घटना के दौरान बच्ची के सगे चाचा ने आरोपी को देख लिया और पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी घर की छत से छलांग लगाकर मौके से भाग गया।
पंचायत में समझौते का प्रयास करने का आरोप--
बच्ची के पिता का आरोप है कि घटना के बाद वह पुलिस में शिकायत करने जा रहा था, लेकिन परिवार के रिश्तेदारों और गांव के पंचों की बैठक बुलाकर मामले को आपसी समझौते से खत्म करने का प्रयास किया गया। पिता के अनुसार, आरोपी पक्ष की ओर से ₹2 लाख देकर समझौता करने की बात कही गई, लेकिन उन्होंने अपनी बेटी के साथ हुई घटना पर समझौता करने से इनकार कर दिया।
पिता का कहना है कि आरोपी रिश्ते में उनके चाचा का लड़का है और बच्ची का रिश्ते का चाचा लगता है। उन्होंने कहा कि बेटी के साथ हुई घटना के बाद उन्हें पैसे नहीं, बल्कि न्याय चाहिए।
झूठे केस में फंसाने की धमकी का भी आरोप---
पीड़ित बच्ची के पिता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने थाने जाकर शिकायत करने का प्रयास किया तो उनके छोटे भाई पर झूठा केस दर्ज कराने की धमकी दी गई, ताकि वह दबाव में आकर मामले में राजीनामा कर लें। परिजनों के अनुसार, इसके बाद बाजना पुलिस ने बच्ची और उसके माता-पिता को अपनी अभिरक्षा में लेकर छतरपुर महिला थाने पहुंचाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और चिकित्सकीय व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Hardoi, Hardoi | Sep 6, 2026