श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय भिण्ड श्री सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी देहात निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाये जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत आज दिनंाक 16.07.26 को गीतांजली हॉल बद्रीप्रसाद की बगिया में जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में दिनांक 15.07.2026 से 30.07.2026 तक ‘‘नशे से दूरी है जरूरी’’ नशामुक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है । अभियान का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशे की रोकथाम हेतु जनसहभागिता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण करना है । इसी क्रम में आज थाना देहात, जिला भिण्ड द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम के अंतर्गत गीतांजलि हॉल, बद्रीप्रसाद की बगिया से प्रारंभ होने वाली श्री जगन्नाथ रथ शोभायात्रा से पूर्व बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को नशामुक्ति के संबंध में जागरूक किया गया । वक्ता उनि विजय शिहवरे द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज एवं राष्ट्र की उन्नति में भी बाधक बनता है । नशे की लत से अपराध, सड़क दुर्घटनाएं, घरेलू हिंसा तथा आर्थिक एवं सामाजिक समस्याएं बढ़ती हैं । कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें । युवाओं से विशेष रूप से कहा गया कि वे खेल, शिक्षा, रोजगार एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपनाकर अपने जीवन को सफल बनाएं तथा किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहें । उक्त अवसर पर निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, उप निरीक्षक विजय शिवहरे, प्रधान आरक्षक गुरुदास सोही, आरक्षक गिर्राज यादव सहित थाना देहात भिण्ड का पुलिस बल उपस्थित रहा ।