पैतृक संपत्ति विवाद में बेटे ने बहन और पिता पर लगाए गंभीर आरोप
.
#हरदोई: live जिले के कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र अंतर्गत पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने अपनी बहन, बहनोई और पिता पर मानसिक उत्पीड़न, मकान निर्माण में बाधा डालने तथा पैतृक संपत्ति से बेदखल करने की कोशिश करने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पीड़ित ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम कोरोरखुर्द, मजरा फोरोकला निवासी शुभम कुमार पुत्र राजेन्द्र प्रसाद ने आरोप लगाया है कि वह अपने पुस्तैनी जमीन पर मकान का निर्माण करा रहा है। शुभम का कहना है कि वह अपने पिता का इकलौता पुत्र है, लेकिन उसकी बहन संध्या पत्नी राम प्रताप निवासी बघौली चौराहा आए दिन उसके पिता को उसके खिलाफ भड़काती रहती है।
पीड़ित का आरोप है कि बहनोई पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जिसके कारण परिवार पर दबाव बनाया जाता है और उसके पिता को गुमराह किया जाता है। शुभम ने कहा कि उसकी बहन परिवार की फसल और अनाज पर भी कब्जा कर लेती है। आरोप है कि पिछले करीब दस दिनों से बहन मायके में रह रही है और उसी के उकसावे पर उसके पिता ने मकान निर्माण के दौरान बनाई गई दीवार को गिरा दिया।
शुभम ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पिता उसे मकान निर्माण नहीं करने दे रहे हैं तथा गाली-गलौज करते हुए पैतृक संपत्ति में हिस्सा देने से साफ इनकार कर रहे हैं। पीड़ित के अनुसार इस पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी भी मानसिक तनाव में है और परिवार के साथ रहने में असुरक्षा महसूस कर रही है।
पीड़ित युवक ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उसे न्याय दिलाया जाए तथा पैतृक संपत्ति में उसका वैधानिक अधिकार सुनिश्चित कराया जाए। वहीं क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Jun 22, 2026