*राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), शिमला द्वारा टूटू एवं मजहाट में फेमिलियराइजेशन एक्सरसाइज (FAMEX) का आयोजन**
**शिमला, 23 जुलाई, 2026:** हिमाचल प्रदेश की भूकंप, भूस्खलन तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए, हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एचपी-एसडीआरएफ) द्वारा प्रदेश के तीन प्रमुख नगरों **शिमला, मंडी एवं धर्मशाला** के नगर निगम क्षेत्रों में **फेमिलियराइजेशन एक्सरसाइज (FAMEX)** आयोजित की जा रही हैं। इन अभ्यासों के दौरान प्राप्त निष्कर्षों एवं अवलोकनों को संकलित कर आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया जाएगा। इसी क्रम में आज राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), शिमला द्वारा **टूटू एवं मजहाट, शिमला** क्षेत्र में संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से **फेमिलियराइजेशन एक्सरसाइज (FAMEX)** का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संबंधित वार्डों के पार्षद भी एसडीआरएफ की टीमों के साथ उपस्थित रहे।
अभ्यास के दौरान एसडीआरएफ के जवानों ने चिन्हित क्षेत्रों का विस्तृत सर्वेक्षण करते हुए राहत एवं बचाव दलों की तैनाती हेतु उपयुक्त **स्टेजिंग एरिया** का चयन, घटनास्थल तक पहुँचने एवं सुरक्षित निकासी (Evacuation) के मार्गों का आकलन तथा राहत एवं बचाव दलों एवं उपकरणों की आवाजाही के लिए महत्त्वपूर्ण **एक्सेस पॉइंट्स** का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त, आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन के दृष्टिगत स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों एवं अन्य परिचालन संबंधी पहलुओं का भी मूल्यांकन किया गया।
उक्त अभ्यास के साथ-साथ **मजहाट** में स्थानीय नागरिकों के लिए एक **सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम** भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को संभावित आपदा परिस्थितियों के प्रति जागरूक करना, आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा आपदा प्रबंधन में सामुदायिक सहभागिता के महत्व से अवगत कराना था।
यह फेमिलियराइजेशन एक्सरसाइज एसडीआरएफ की पूर्व-तैयारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है। इस अभ्यास के माध्यम से बचाव दलों को क्षेत्र की भौगोलिक एवं परिचालन परिस्थितियों की व्यापक जानकारी प्राप्त हुई, जिससे किसी भी प्राकृतिक अथवा मानवजनित आपदा की स्थिति में त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकेंगे।
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, हिमाचल प्रदेश नियमित फील्ड अभ्यासों, क्षमता संवर्धन कार्यक्रमों, सामुदायिक जागरूकता अभियानों तथा सतत परिचालन योजना के माध्यम से प्रदेशवासियों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आपदा जोखिम न्यूनीकरण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।