कन्हार वन चौकी पर दबंगों का धावा, जब्त सामग्री ले जाने का आरोप
मुरैना/पहाड़गढ़। कन्हार वन चौकी परिसर में करीब 10 लोगों द्वारा कथित तौर पर घुसकर वनकर्मियों से गाली-गलौज, धमकी और वन अपराध में जब्त सामग्री जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। चौकी प्रभारी दीप्ति कुमार शांडिल्य ने पहाड़गढ़ थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, शैलेंद्र जाटव, नीरज जाटव, नीरज की बहन, संजय जाटव, भरत जाटव (पुत्रगण नत्था जाटव), भरत जाटव की पत्नी सहित करीब 10 लोग 3 अक्टूबर को कार क्रमांक RJ 50 CA 4027 से वन चौकी पहुंचे थे।
आरोप है कि आरोपियों ने चौकी में गाली-गलौज करते हुए वनकर्मियों को धमकाया और दो लोगों ने कार्यालय में रखी शासकीय राइफलों को ले जाने का प्रयास किया। ताला लगा होने के कारण वे इसमें सफल नहीं हो सके। इसके बाद आरोपियों द्वारा वन अपराध में जब्त एक बोटा काष्ठ, छह लोहे के पहिए और बैल का लकड़ी का जुआ कथित तौर पर जबरन ले जाने का आरोप है।
वनकर्मी सुनील त्यागी, दिनेश कुमार और भानुप्रताप सिंह ने रोकने का प्रयास किया तो उन्हें जान से मारने, झूठे एससी/एसटी एक्ट में फंसाने और नौकरी करना सिखा देने की धमकी दिए जाने की बात शिकायत में कही गई है। चौकी प्रभारी ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
#मुरैना #पहाड़गढ़ #वन