सरस्वती विद्या मंदिर में पुलिस ने चलाया साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान, छात्रों व शिक्षकों को दिए सुरक्षा टिप्स
जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 12 अगस्त 2026
बस्ती। जनपद में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के आदेशानुसार साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत एवं क्षेत्राधिकारी साइबर कुलदीप यादव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय नारायण मिश्रा के नेतृत्व में साइबर पुलिस टीम (उप निरीक्षक मनोज कुमार दुबे, मुख्य आरक्षी ऋषिवेद तिवारी, आरक्षी जितेंद्र यादव, ईशांत कुमार व अशोक चौहान) ने विद्यालय पहुंचकर ऑनलाइन ठगी से बचाव के व्यावहारिक तरीके बताए।
गोपनीय जानकारी न करें साझा
जागरूकता सत्र के दौरान पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी (OTP), यूपीआई पिन (UPI PIN), एटीएम कार्ड की जानकारी, सीवीवी (CVV) या पासवर्ड जैसी गोपनीय सूचनाएं कतई साझा न करें। इसके अलावा किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने, अनजान क्यूआर (QR) कोड स्कैन करने और किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करने से बचने की सख्त सलाह दी गई।गोल्डन ऑवर का महत्व और हेल्पलाइन 1930 कार्यक्रम में साइबर अपराध के शिकार होने पर 'गोल्डन ऑवर' (शुरुआती समय) के महत्व को रेखांकित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि यदि किसी के साथ वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो बिना समय गंवाए तत्काल टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
साथ ही, थानों पर 24×7 संचालित साइबर हेल्प डेस्क और स्थानीय सीयूजी मोबाइल नंबर 7839876672 के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त की जा सके। साइबर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि डिजिटल लेनदेन करते समय पूरी सतर्कता और सावधानियां बरतें।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Aug 12, 2026