दिव्यांग बच्चों के लिए लगा विशेष शिविर, 71 का हुआ आकलन
66 बच्चों को मिलेंगे जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण, विशेषज्ञों ने किया परीक्षण
दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आवश्यक सहायक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार शिक्षा परियोजना, बांका के समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के तहत , 8 सितंबर, मंगलवार को डे केयर सेंटर, बांका में दिव्यांगता प्रमाणीकरण-सह-उपकरण आकलन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न श्रेणियों के 71 दिव्यांग बच्चों का पंजीयन एवं विशेषज्ञों द्वारा आकलन किया गया। इनमें से 66 बच्चों को सहायक उपकरण एवं किट के लिए चिन्हित किया गया।
श्रवण बाधित बच्चों की संख्या सबसे अधिक
शिविर में श्रवण बाधित (H.I.) के 23, बौद्धिक दिव्यांगता (I.D.) के 20, सेरेब्रल पाल्सी (C.P.) के 9 और लोकोमोटर दिव्यांगता (L.D.) के 8 बच्चे शामिल हुए। वहीं बहु-दिव्यांगता के 4, ऑटिज्म के 2, कम दृष्टि के 2 तथा बौनापन, एसिड/जलन पीड़ित और लकवा से संबंधित एक-एक बच्चे का भी परीक्षण किया गया।
विशेषज्ञों ने किया बच्चों का परीक्षण
शिविर में फिजियोथेरेपिस्ट, पी. एंड ओ. विशेषज्ञ एवं ऑडियोलॉजिस्ट की टीम ने बच्चों की जरूरतों का परीक्षण एवं आकलन किया। विशेषज्ञों की अनुशंसा के आधार पर बच्चों के लिए आवश्यक सहायक उपकरणों का चयन किया गया।
आकलन के अनुसार 23 बच्चों के लिए हियरिंग एड, 20 के लिए एम.आर. किट, 10 के लिए व्हील चेयर, 5 के लिए वी.आई. किट, 5 के लिए के.ए.एफ.ओ. (कैलीपर) और 3 बच्चों के लिए ट्राई साइकिल की अनुशंसा की गई है।
निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे उपकरण
समावेशी शिक्षा के समन्वयक ने बताया कि चिन्हित बच्चों के लिए आवश्यकतानुसार सहायक उपकरणों की खरीद की जाएगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत बच्चों को निःशुल्क उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि समावेशी शिक्षा का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की जरूरतों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहयोग एवं संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे शिक्षा की मुख्यधारा में आगे बढ़ सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।
शिविर में बच्चों के साथ पहुंचे अभिभावकों में भी उत्साह देखने को मिला। अभिभावकों ने दिव्यांग बच्चों के लिए इस प्रकार के शिविरों को उपयोगी पहल बताया।
85 views | Banka, Bihar | Sep 8, 2026