पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर बिक्रम सिंह ठाकुर का सरकार पर हमला, बोले- ‘गरीब को समाप्त करके ही दम लेगी सरकार’ #dehra #kangralive
देहरा। हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी को लेकर जसवां-परागपुर से भाजपा विधायक एवं पूर्व परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बढ़े हुए दामों और पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए सेस को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि “सरकार आम आदमी का गला घोंटने में लगी है और ऐसा लगता है कि ये सरकार गरीब को समाप्त करके ही दम लेगी।” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समय-समय पर पेट्रोल और डीजल के रेट कम करती है, लेकिन हिमाचल सरकार किसी न किसी प्रकार का कर लगाकर कीमतों को बढ़ा रही है, जो निंदनीय और गलत है।
उन्होंने पेट्रोल की कीमत करीब 102 रुपये तक पहुंचने और सेस लगाए जाने पर सवाल उठाते हुए इसे “बिल्कुल गलत” बताया। ठाकुर ने कहा कि सरकार को इस तरह का अतिरिक्त बोझ जनता पर नहीं डालना चाहिए।
मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी बिक्रम सिंह ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें हिमाचल में पड़ोसी राज्यों की तुलना में पेट्रोल सस्ता होने की बात कही गई थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पड़ोसी राज्यों से पेट्रोल सस्ता है तो क्या उस पर और बोझ डाल दिया जाए? उन्होंने इसे भी सही कदम नहीं बताया।
भाजपा विधायक ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि “माननीय मुख्यमंत्री जी को समझ नहीं आ रहा, लेकिन उनको समझ आएगा कि वे जो कर रहे हैं, वह गलत कर रहे हैं।”
बिक्रम सिंह ठाकुर ने सरकार से पेट्रोल-डीजल पर जनता को राहत देने और अतिरिक्त करों के बोझ पर पुनर्विचार करने की मांग की।
Kangra, Kangra | Aug 13, 2026