जालौन में जियो नेटवर्क की खराब सेवा से 1500 से अधिक उपभोक्ता परेशान, जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत बंद करने का आरोप
अकोढ़ी गांव में चार साल से लगा जियो टावर, फिर भी इंटरनेट और वॉयस कॉल की समस्या,शिकायतकर्ता ने डीएम से उच्चस्तरीय हस्तक्षेप की मांग की
रिपोर्ट: जितेंद्र गुप्ता ✍️। बोल दो भारत
उरई (जालौन)। डकोर ब्लॉक के अकोढ़ी गांव में जियो नेटवर्क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शिकायत की है। गांव निवासी वैभव ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में दावा किया है कि गांव में करीब चार वर्ष से जियो का टावर लगा होने के बावजूद लगभग 1500 उपभोक्ताओं को इंटरनेट और वॉयस कॉल की गंभीर नेटवर्क समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायती पत्र के अनुसार, नेटवर्क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों की रोजमर्रा की संचार जरूरतों के साथ-साथ ऑनलाइन कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों की ओर से उत्तर प्रदेश जनसुनवाई पोर्टल पर सामूहिक शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 21 अगस्त 2026 को दर्ज शिकायत पर जमीनी स्तर पर समस्या का समाधान किए बिना ही उसे बंद कर दिया गया। पत्र में बताया गया है कि 28 अगस्त को एक जियो कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से संपर्क किया था और उसकी कॉल रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों ने तकनीकी समस्या का वास्तविक समाधान करने के बजाय औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर शिकायत बंद कर दी।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI), संबंधित मंत्रालय और जियो अपीलेट को ईमेल के माध्यम से भी मामले की जानकारी देने की बात कही है। पत्र के अनुसार, करीब 10 दिन बीतने के बाद भी उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर अकोढ़ी गांव के जियो टावर/नेटवर्क की तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान कराने और करीब 1500 उपभोक्ताओं को बेहतर दूरसंचार सेवा उपलब्ध कराने के लिए उच्चस्तरीय हस्तक्षेप की मांग की है। शिकायत के साथ जनसुनवाई की प्रति, संबंधित विभागों को भेजे गए ईमेल तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं के नाम और हस्ताक्षर वाली सूची संलग्न किए जाने की बात भी पत्र में कही गई है।
#Jalaun #Orai #JioNetwork #Jio #NetworkProblem #PoorNetwork #InternetProblem #VoiceCall #Akhori #Dakor #UttarPradesh #UPNews #JalaunNews #OraiNews #PublicIssue #ConsumerComplaint #JanSunwai #TRAI #DigitalIndia #BreakingNews #LocalNews #BolDoBharat
Orai, Jalaun | Sep 14, 2026