चिट्टे के खिलाफ Gen-Z और Gen-Alpha का संकल्प, मुख्यमंत्री ने युवाओं की भागीदारी को सराहा
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। चिट्टे के खिलाफ पद्म उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीबीएसई), रामपुर में विद्यार्थियों की ओर से लिए गए संकल्प की मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सराहना की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ युवा पीढ़ी की यह आवाज वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश से चिट्टे का समूल नाश करने के लिए सरकार और समाज को मिलकर काम करना होगा। नशे के कारोबार से जुड़े लोगों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में केवल कानून की सख्ती ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को भी सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने Gen-Z और Gen-Alpha के विद्यार्थियों के नशे के खिलाफ उठाए गए कदम को जनअभियान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया और इस अभियान से जुड़ने के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की जागरूकता और सामूहिक संकल्प से नशामुक्त समाज के निर्माण को मजबूती मिलेगी।
Rampur, Shimla | Oct 3, 2026