अक्रियाशील नल-जल योजनाओं को क्रियाशील करने की कार्रवाई तेज
10 नल-जल योजनाएं हुईं चालू, 72 को शीघ्र चालू करने का काम जारी
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर जिले में अक्रियाशील नल-जल योजनाओं को पुनः क्रियाशील करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया था।
स्थल सत्यापन के आधार पर जिले में कुल 82 अक्रियाशील नल-जल योजनाओं को चिह्नित किया गया था। निर्देश के अनुपालन में आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य पूरा कर 10 योजनाओं को पुनः चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही अब जिले में 72 नल-जल योजनाएं अक्रियाशील हैं।
जिला पदाधिकारी ने शेष योजनाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र क्रियाशील करने के लिए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को पर्याप्त संसाधन लगाकर निर्धारित समयसीमा में पेयजल आपूर्ति बहाल करने तथा कार्यों की नियमित प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है।
जिला प्रशासन की ओर से जिले में पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और प्राप्त शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 23, 2026