चित्रकूट के पहाड़ी बुजुर्ग गांव से एक ऐसी प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सब्जी विक्रेता के बेटे शुभम अग्रहरी ने अपने पहले ही प्रयास में NEET परीक्षा में सफलता हासिल कर MBBS में प्रवेश का सपना पूरा किया है। शुभम की कैटेगरी रैंक 2347 रही है और उनका चयन स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सोनभद्र में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए हुआ है।
खास बात यह है कि शुभम ने किसी बड़े शहर में जाकर महंगी कोचिंग नहीं की, बल्कि घर पर रहकर ऑनलाइन कोचिंग और स्वाध्याय के जरिए तैयारी की। वह रोजाना करीब 7 से 8 घंटे पढ़ाई करते थे।
शुभम के पिता उमेश कुमार अग्रहरी सब्जी का व्यापार करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। मां कलावती लगातार बेटे का हौसला बढ़ाती रहीं।
बेटे की इस कामयाबी से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं चाचा एवं शिक्षक कमलेश कुमार गुप्ता ने शुभम को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता हासिल की जा सकती है।
शुभम की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि संसाधन सीमित हो सकते हैं, लेकिन अगर हौसला और मेहनत मजबूत हो तो मंजिल हासिल की जा सकती है।
गांव के लोगों ने भी शुभम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Karwi, Chitrakoot | Sep 30, 2026