जौहर यूनिवर्सिटी बचाने को लेकर सपा का हस्ताक्षर अभियान, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
देवरिया/बरहज। समाजवादी पार्टी के छात्र संगठन ने मौलाना जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने की मांग को लेकर बरहज विधानसभा क्षेत्र स्थित बीआरडी पीजी कॉलेज, आश्रम बरहज में हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
इस दौरान मनोज यादव ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर विश्वविद्यालयों और प्राथमिक विद्यालयों को बंद किया जा रहा है तथा अब मौलाना जौहर यूनिवर्सिटी पर भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्र-नौजवान इसका विरोध करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
सपा नेता विजय रावत ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को बेरोजगार करने के साथ-साथ शिक्षा से भी दूर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले प्राथमिक विद्यालयों का विलय और बंदी की गई तथा अब विश्वविद्यालयों पर कार्रवाई की जा रही है, जिसे प्रदेश का नौजवान स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शिक्षा, रोजगार और विश्वविद्यालयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी तथा मौलाना जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने की मांग दोहराई।
हस्ताक्षर अभियान में विकास यादव, अनिल सिंह, संजय तिवारी, पंकज मिश्रा, राम प्रसाद शर्मा, अनिल मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Barhaj, Deoria | Jul 27, 2026