पंजाब में बिक्री के लिए जा रही 500 पेटी बीयर जब्त, 7,200 बोतलों के साथ वाहन कब्जे में।
जरड में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दस्तावेज न दिखाने पर भुंतर थाने में प्राथमिकी दर्ज।
कुल्लू, 3 सितम्बर 2026
आबकारी विभाग ने अवैध शराब के परिवहन और अंतरराज्यीय तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल्लू-मनाली फोरलेन पर जरड के समीप बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब में बिक्री के लिए ले जाई जा रही 500 पेटी बीयर बरामद की है। बरामद बीयर में कुल 7,200 बोतलें शामिल हैं। विभाग ने शराब से लदे वाहन को जब्त कर मामले में भुंतर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम ने 3 सितम्बर को सुबह करीब 7:40 बजे जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के समीप जरड में नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में भारी मात्रा में बीयर की पेटियां बरामद हुईं। बीयर पर स्पष्ट रूप से ‘पंजाब में बिक्री के लिए’ अंकित पाया गया।
चालक से शराब के परिवहन संबंधी आवश्यक पास, परमिट और अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह मौके पर संतोषजनक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवा सका। बरामद खेप में ट्यूबॉर्ग स्ट्रॉन्ग की 294 पेटी, बडवाइजर मैग्नम की 100 पेटी और किंगफिशर स्ट्रॉन्ग की 106 पेटी शामिल थीं। इनमें 650 मिलीलीटर की 4,800 और 500 मिलीलीटर की 2,400 बोतलें बरामद हुईं।
कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग ने शराब और वाहन को नियमानुसार कब्जे में लेते हुए मामला आगामी कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया। मामले में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग के अनुसार राजस्व चोरी और अवैध शराब कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
#Kullu
Kullu, Kullu | Sep 3, 2026