छिंज मेला कमेटी कैंथली-कोटला द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला 28 अगस्त 2026 की शाम को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के समापन समारोह में ग्राम पंचायत कोहाल के पंचायत सचिव लेख राज ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर मेला कमेटी के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत करते हुए उन्हें शॉल, टोपी और बैच पहनाकर सम्मानित किया।
क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सौरव-11 और फ्रेंड्स-11 के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सौरव-11 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 रन से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथि लेख राज ने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को पुरस्कार वितरित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान विजेता और उपविजेता टीमों के कप्तानों ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में छिंज मेला कमेटी द्वारा इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए मेला कमेटी को शुभकामनाएं और बधाई दी।
गौरतलब है कि जिला चंबा के ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस क्रिकेट प्रतियोगिता में स्थानीय टीमों के अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार से आई टीमों ने भी भाग लिया, जो प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण रहीं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेल भावना को बढ़ावा मिला और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
Chamba, Chamba | Aug 29, 2026