12 करोड़ की मल्टीस्टोरी पार्किंग को जनता के लिए खोलने की मांग तेज, भाजपा ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
- भाजपा बोली- पार्किंग के नाम पर करोड़ों खर्च, फिर भी जनता को नहीं मिली सुविधा; अधूरी परियोजना और नाम परिवर्तन पर भी उठाए सवाल
Bushahr Today TV
रिकांगपिओ/किन्नौर। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ स्थित रामलीला मैदान में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीस्टोरी पार्किंग को शीघ्र आम जनता के लिए शुरू करने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला किन्नौर ने उपायुक्त किन्नौर को ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार पार्किंग लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे स्थानीय व्यापारियों, पर्यटकों और वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष यशवंत नेगी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि सार्वजनिक धन से निर्मित इस महत्वपूर्ण परियोजना का लंबे समय तक उपयोग में न आना जनहित के विपरीत है। पार्टी ने प्रशासन से पार्किंग से जुड़ी शेष औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर इसे तत्काल जनता के लिए संचालित करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि जिला मुख्यालय में पार्किंग की समस्या वर्षों से बनी हुई है। यदि यह पार्किंग शुरू हो जाती है तो यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होगा तथा स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
- परियोजना को लेकर भाजपा ने उठाए कई सवाल
भाजपा ने ज्ञापन के माध्यम से यह भी कहा कि जिस परियोजना का 5 अगस्त 2020 को तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मल्टीस्टोरी पार्किंग के रूप में शिलान्यास किया था, वह आज अपने मूल उद्देश्य से भटक चुकी है।
पार्टी का आरोप है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस परियोजना का नाम बदलकर "राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पार्क" कर दिया गया और इसका उद्घाटन भी कर दिया गया, जबकि न तो पार्क का निर्माण हुआ और न ही मूल योजना के अनुरूप मल्टीस्टोरी पार्किंग तैयार की गई।
केवल ग्राउंड फ्लोर तक सीमित रह गई परियोजना
भाजपा नेताओं का कहना है कि जिस स्थान पर बहुमंजिला पार्किंग बननी थी, वहां वर्तमान में केवल ग्राउंड फ्लोर तक ही निर्माण दिखाई देता है। इससे जिला मुख्यालय की पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों की उम्मीद थी कि आधुनिक मल्टीस्टोरी पार्किंग बनने से सैकड़ों वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी, लेकिन आज भी लोग सीमित स्थानों पर वाहन खड़े करने को मजबूर हैं और चालान की समस्या से जूझ रहे हैं।
- पार्क के नाम पर उद्घाटन, लेकिन पार्क नहीं
भाजपा ने सवाल उठाया कि जिस पार्क का उद्घाटन किया गया, उसका वास्तविक अस्तित्व कहीं दिखाई नहीं देता। पार्टी का कहना है कि न तो पहले कभी पार्क का शिलान्यास हुआ और न ही पार्क का निर्माण किया गया, फिर उद्घाटन किस आधार पर किया गया। इस पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
जनता ने उठाए ये सवाल
भाजपा के अनुसार स्थानीय लोगों के मन में कई सवाल हैं—
मल्टीस्टोरी पार्किंग परियोजना को पार्क में क्यों बदला गया?
जब पार्क का निर्माण ही नहीं हुआ तो उद्घाटन किस आधार पर किया गया?
क्या जिला मुख्यालय की वास्तविक पार्किंग समस्या सरकार की प्राथमिकता नहीं है?
क्या करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी जनता को केवल नाम बदलने की राजनीति ही मिलेगी?
चुनाव में जवाब देने की चेतावनी
भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते परियोजना को उसके मूल स्वरूप में पूरा कर पार्किंग जनता को समर्पित नहीं की, तो जनता आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। पार्टी ने मांग की कि परियोजना को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप पूरा कर शीघ्र आम लोगों के लिए खोल दिया जाए, ताकि वर्षों पुरानी पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष हकीम नेगी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दुर्गा चंद, चंदर पाल, जिला महामंत्री सुभाष छोरज्ञा, जिला कार्यालय सचिव ठाकुर राम, कल्पा मंडल अध्यक्ष कंवर सिंह, मूरंग मंडल अध्यक्ष जीत राम, महामंत्री गुमान, पूह मंडल महामंत्री कृपाल शोम, जिला अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष धर्म प्रकाश, महिला मोर्चा जिला कार्यकारिणी सदस्य दीपिका राठौर, जिला आईटी सह-संयोजक जीवन नेगी, महिला मोर्चा जिला महामंत्री आराधना, एसटी मोर्चा जिला महामंत्री रोहित फानयान सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।