इंग्लैंड के नागरिकों ने थ्री-व्हीलर में लगाई शिमला माल रोड की 'गेड़ी', प्रतिबंधित क्षेत्र में ऑटो पहुंचने से उठे सवाल
शिमला के ऐतिहासिक माल रोड और रिज पर उस समय हड़कंप मच गया जब इंग्लैंड के तीन नागरिक एक ऑटो-रिक्शा लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गए। बताया जा रहा है कि यह ऑटो केरल रजिस्ट्रेशन KL07DE2685 का था, जिस पर यूनाइटेड किंगडम के झंडे की ब्रांडिंग भी लगी हुई थी। विदेशी नागरिक 'रिक्शा रन' एडवेंचर रैली में हिस्सा ले रहे थे। माल रोड और रिज पूरी तरह नो-व्हीकल ज़ोन घोषित हैं, जहां सामान्य परिस्थितियों में किसी भी निजी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित है। ऐसे में ऑटो का इस हेरिटेज वॉकवे तक पहुंच जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने वाहन को रोककर विदेशी नागरिकों से पूछताछ की। उनके अनुसार उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि इस मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है और वे गलती से यहां पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें नियमों की जानकारी दी और मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद शिमला पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने आम जनता व पर्यटकों से अपील की है कि माल रोड और रिज में किसी भी प्रकार का वाहन लेकर प्रवेश न करें तथा निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें।