गौरी नदी से जल लेकर दोमुहानी धाम पहुंचे हजारों कांवरिया, भोलेनाथ का किया जलाभिषेक
चंदवारा। श्रावण मास की द्वितीय सोमवारी के अवसर पर गौरी नदी उत्तरवाहिनी, उतरवानी से जल उठाकर दोमुहानी धाम बैंकुट मंदिर तक द्वितीय वर्ष कांवड़ पदयात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान पूरा मार्ग “बोल बम-बोल बम, बाबा नगरिया दूर है, जाना जरूर है” के जयघोष से गूंजता रहा। दोमुहानी धाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ध्वजाधारी पहाड़ मंदिर के श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज तथा विशिष्ट अतिथि दोमुहानी धाम बैंकुट मंदिर के भगत जी मौजूद रहे। महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज ने कहा कि गौरी नदी के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने सनातन धर्म की मजबूती और सभी की मनोकामना पूर्ण होने की कामना की।
इस वर्ष अरुण बम कांवरिया ने 101 लीटर जल लेकर पदयात्रा की। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मंत्रोच्चार के साथ गंगा पूजन से हुई। अतिथियों को पुस्तक एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया।
कांवरियों की सुविधा के लिए सड़क सफाई, पानी छिड़काव, झरना, मेडिकल टीम, शरबत, जूस व नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। दोमुहानी धाम मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण भी किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में योगाचार्या सुषमा सुमन एवं योग गुरु प्रदीप कुमार सुमन समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कांवरियों की संख्या करीब चार गुना बढ़ी है। आयोजन में चंदवारा प्रखंड प्रमुख मंजू देवी, उप प्रमुख खुशबू देवी, पूर्व प्रमुख लीलावती देवी, महेंद्र यादव समेत विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।