*नशे से जंग – यमुनानगर के संग:* *एएसपी आशीष चौधरी ने तेजली स्टेडियम मे खिलाड़ियों को मैराथन के लिए किया प्रेरित*
19 जुलाई
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 26 जुलाई (रविवार) को आयोजित होने वाली "नशे से जंग – यमुनानगर के संग" मैराथन को सफल बनाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. S.P.) आशीष चौधरी ने तेजली स्टेडियम का दौरा कर वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें नशे के खिलाफ इस जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
अतिरिक्त एसपी आशीष चौधरी ने खिलाड़ियों से कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं की ऊर्जा यदि खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों में लगे तो वे स्वयं भी स्वस्थ रहेंगे और समाज के लिए प्रेरणा बनेंगे। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह इस सामाजिक बुराई के उन्मूलन में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।
इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को 26 जुलाई को आयोजित होने वाली मैराथन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मौके पर ही कई खिलाड़ियों का मैराथन के लिए पंजीकरण भी करवाया गया। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने साथी खिलाड़ियों, मित्रों और परिवार के सदस्यों को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की, ताकि यह संदेश जिले के हर घर तक पहुंचे।
एएसपी ने खिलाड़ियों को अपने मोबाइल फोन पर "नशे से जंग – यमुनानगर के संग" अभियान से संबंधित डिजिटल डीपी लगाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन चुका है और यदि अधिक से अधिक लोग इस अभियान की डीपी लगाते हैं तो नशे के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक संदेश जाएगा। उन्होंने सभी युवाओं से सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस अभियान को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने का आग्रह किया।
खिलाड़ियों ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का भरोसा दिलाया और कहा कि वे न केवल स्वयं मैराथन में शामिल होंगे, बल्कि अपने साथ अधिक से अधिक युवाओं को भी जोड़ेंगे। खिलाड़ियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेल और स्वास्थ्य के माध्यम से नशे के खिलाफ जन-जागरण चलाना समय की आवश्यकता है।
जिला पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 26 जुलाई को आयोजित "नशे से जंग – यमुनानगर के संग" मैराथन में उत्साहपूर्वक भाग लें और समाज को नशामुक्त बनाने के इस जन अभियान को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।