दिल्ली में 29 अक्टूबर को गुर्जर समाज का बड़ा जुटान होने जा रहा है। सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ‘गुर्जर स्वाभिमान रैली’ का आयोजन किया जाएगा। इसी रैली की तैयारियों को लेकर ग्रेटर नोएडा के घरबरा गांव में आज महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
घरबरा गांव में आयोजित बैठक में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए शशांक भाटी का स्वागत किया गया। नई जिम्मेदारी मिलने पर समाज के लोगों ने शशांक भाटी को बधाई दी और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
इस मौके पर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हरीश चंद्र नागर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री रविंदर भाटी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री जगवीर सिंह पौला, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री राजेंद्र चपराना, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री जय प्रकाश विकल, समेत संगठन के कई पदाधिकारी और समाज के प्रमुख लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष मनवीर नागर, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मुकेश भाटी, जिलाध्यक्ष अशोक मावी सहित अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में दिल्ली में होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 29 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली समाज की एकजुटता और सामाजिक सम्मान का बड़ा मंच होगी। रैली में देशभर से गुर्जर समाज के लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।
वहीं, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष शशांक भाटी ने नई जिम्मेदारी मिलने पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को संगठन से जोड़ने और समाज को मजबूत एवं एकजुट करने के लिए पूरी मेहनत के साथ काम किया जाएगा।
बैठक के दौरान ‘दिल्ली चलो’ का आह्वान करते हुए अधिक से अधिक संख्या में समाज के लोगों से 29 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने की अपील की गई।
आयोजकों का कहना है कि यह सिर्फ एक रैली नहीं, बल्कि गुर्जर समाज की एकजुटता, स्वाभिमान और सामाजिक अधिकारों की आवाज को मजबूती देने वाला बड़ा आयोजन होगा।
अब नजर 29 अक्टूबर पर रहेगी, जब दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में गुर्जर समाज की बड़ी ‘गुर्जर स्वाभिमान रैली’ आयोजित होगी और देशभर से समाज के लोग इसमें अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे।