पलवल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गाँव घाघोट में अवैध रूप से पटाखे बनाने व पैक करने के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़।*
Aonenews अरविन्द बक्शी
भारी मात्रा में पटाखे बरामद, 360 पेटियों में 1 लाख 72 हजार से अधिक पटाखा माचिस जब्त।
*जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों और बिना लाइसेंस के पटाखे बनाने या बेचने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी-दीप्ति गर्ग, पुलिस अधीक्षक, पलवल।*
पलवल। जिला पुलिस कप्तान श्रीमती दीप्ति गर्ग, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार पलवल पुलिस द्वारा अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना चाँदहट क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गाँव धाधोट में अवैध रूप से पटाखे (कलर माचिस) बनाने व पैक करने के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
थाना चाँदहट प्रभारी निरीक्षक श्री भगवान से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना चाँदहट पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त व अपराध तलाश के दौरान कटेसरा गाँव के पास मौजूद थी। उसी समय मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि गाँव घाघोट निवासी लियाकत, जहीर और सकुर, तीनों पुत्र फजरुदीन, बिना किसी लाइसेंस व परमिट के अपने-अपने मकानों में भारी मात्रा में अवैध पटाखे (छोटे पटाखे/कलर माचिस) बनाने व उन्हें पैक करने का काम कर रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट श्री पंकज तिवारी, एसडीओ बिजली बोर्ड पलवल की उपस्थिति में बताए गए स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। पुलिस पार्टी को देखकर आरोपी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब आरोपियों के कमरों की नियमानुसार तलाशी ली गई, तो मौके से निम्नलिखित अवैध सामग्री बरामद की गई:
* लियाकत के मकान से: 124 पेटी पटाखे
* जहीर के मकान से: 139 पेटी पटाखे
* सकुर के मकान से: 97 पेटी पटाखे
कुल बरामदगी: 360 पेटी (प्रत्येक पेटी में 48 बॉक्स और प्रत्येक बॉक्स में 10 माचिस), जिसमें कुल 17,280 बॉक्स और कुल 1,72,800 (1 लाख 72 हजार 800) पटाखा माचिस शामिल हैं। बरामद माल को कब्जे में लेकर नियमानुसार सील किया गया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना चाँदहट में विस्फोटक अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
जिला पुलिस कप्तान दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों और बिना लाइसेंस के पटाखे बनाने या बेचने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले की आगामी जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Faridabad, Faridabad | Sep 17, 2026