एनएफएल ने मेघपुर में लगाया महिला जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर
350 से अधिक महिलाओं और किशोरियों ने लिया भाग, निःशुल्क दवाएं व सैनिटरी नैपकिन वितरित
25 सितंबर 26 नंगल
नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) की नंगल इकाई ने अपनी निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के तहत नंगल तहसील के मेघपुर गांव में विशाल महिला जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं एवं किशोरियों को स्वास्थ्य और विशेष रूप से मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर में 350 से अधिक ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य जांच के दौरान विशेषज्ञों ने महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की तथा पात्र महिलाओं एवं किशोरियों को निःशुल्क दवाएं और सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथियों द्वारा महिलाओं एवं किशोरियों को सैनिटरी नैपकिन वितरित करके किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पी.सी. अधिकारी, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन), ने महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एनएफएल प्रबंधन एवं स्थानीय प्रशासन से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें दिलीप कुमार, प्रबंधक (मानव संसाधन), पीआरओ सोहन लाल, प्रेम कुमार बंगा, कमेटी के सदस्य एवं जनसंपर्क टीम शामिल रहे।
इसके अलावा मेघपुर की सरपंच सोनिया राणा, पंच राजरानी, छोटेवाल गांव के सरपंच शशि कुमार तथा आशा वर्कर ऊषा देवी और मेघपुर की आशा वर्कर रेखा रानी सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
एनएफएल नंगल की ओर से बताया गया कि कंपनी अपनी सीएसआर पहलों के माध्यम से समाज के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।