जनविश्वास ही विकास का सबसे बड़ी आधार : रेणु बाला गुप्ता
नगर निगम कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान नागरिकों से रूबरू हुईं महापौर, अधिकांश समस्याओं के मौके पर समाधान के दिए निर्देश
सफाई, सड़क, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
करनाल। नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता का विश्वास और उनके सुझाव ही शहर के विकास की सबसे बड़ी ताकत हैं। यह बात महापौर रेणु बाला गुप्ता ने शुक्रवार को नगर निगम स्थित अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों से संवाद करते हुए कही।
जनसुनवाई में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने सड़क, सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं। महापौर ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता और ध्यानपूर्वक सुना तथा अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही उचित समाधान सुनिश्चित कराया। वहीं, जिन मामलों में संबंधित विभागों की कार्रवाई आवश्यक थी, उनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम प्रशासन का दायित्व केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को अपनी जिम्मेदारी समझकर उसका समाधान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। जनसुनवाई का उद्देश्य यही है कि आमजन को अपनी बात रखने के लिए सहज और सीधा मंच मिले तथा उनकी समस्याओं पर बिना अनावश्यक देरी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि करनाल को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़कों की स्थिति बेहतर बनाने, जल निकासी की समस्याओं का समाधान करने और स्ट्रीट लाइट जैसी आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन सभी कार्यों में अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही के साथ-साथ नागरिकों का सहयोग भी बेहद जरूरी है।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े सुझाव खुलकर नगर निगम के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि जनता की सहभागिता से ही विकास कार्यों की वास्तविक जरूरतों को समझने और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने में मदद मिलती है। नागरिकों की ओर से मिलने वाले सुझाव शहर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिकायतों के प्रति गंभीरता बरतें
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। महापौर ने कहा कि हमारा साझा संकल्प करनाल को स्वच्छता, विकास और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है। इसके लिए नगर निगम और शहरवासियों का सामूहिक प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
Thanesar, Kurukshetra | Nov 13, 2026