प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बरवाला में शनिवार को मल्टी-स्पेशियलिटी मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं, स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध करवाना रहा। शिविर में 221 मरीजों की जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री सुशील सिंगला एवं श्री जय कौशिक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने शिविर का निरीक्षण किया तथा पीएचसी बरवाला में आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना की।
शिविर में उप सिविल सर्जन डॉ. अरविंद सहगल, डॉ. अरुण एवं डॉ. विकास भी उपस्थित रहे। विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य की जांच पर ध्यान दिया गया। लाभार्थियों को चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच तथा स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. हर्ष कुमार ने कहा कि पीएचसी बरवाला में आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार एवं सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को उनके नजदीक व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी रहेंगे।
शिविर के दौरान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित पोषण, रोगों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के सफल आयोजन में डेंटल सर्जन डॉ. नेहा, स्वास्थ्य निरीक्षक गुरमीत सिंह तथा पीएचसी बरवाला के समस्त चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं अन्य स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई। समस्त टीम के समन्वित प्रयासों से शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia