निराश्रितों के लिए कितना अच्छा काम हो रहा है - श्रीमती सुनंदा जैन
..............
स्नेह सरोकार अभियान बना जनपहल
बड़वानी 08 जुलाई 2026/ आशाग्राम ट्रस्ट द्वारा संचालित निराश्रित मनोरोगियों का आशा आश्रय गृह देखकर अंजड़ के जैन परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे ईश्वरीय कार्य बताया। श्रीमती सुनंदा जैन के जन्मदिवस के अवसर पर परिवारजनों ने कहा निराश्रितों के लिए जो सेवा कार्य यहां होता है वह सचमुच ईश्वर की आराधना के समान है । यहां पर नर ही नारायण शाश्वत दिखाई पड़ रहा है। उन्होंने कहा मानवीय संवेदनाओं के प्रति संकल्पित प्रकल्पों में सहयोग देना देव कार्य है। परिवार के सदस्यों ने बताया आशाग्राम ट्रस्ट के सचिव डॉ चक्रेश पहाड़िया से संपर्क करने पर उन्होंने आशाग्राम ट्रस्ट के सेवा प्रकल्प को देखने के लिए कहा तथा यहां जुड़कर जरूरतमंदों के परिवार का हिस्सा बनने के लिए हमें प्रेरित किया। इस कारण से हम यहां निराश्रित मनोरोगियों के लिए संचालित हो रही व्यवस्था में अपना सहयोग स्वरूप किचन के लिए कुछ बर्तन इत्यादि लेकर आए हैं तथा आगे भी अन्य लोगों को प्रेरित करने के साथ-साथ हम भी यहां जुड़े रहेंगे। जैन परिवार के सदस्यों ने निराश्रितों का मुंह मीठा करा कर जन्मदिन की खुशियां साझा की ।
ट्रस्ट के सचिव डॉ पहाड़िया ने बताया श्रीमती जयति सिंह कलेक्टर एवं ट्रस्ट के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में स्नेह सरोकार अभियान जन पहल बन गया है तथा हमारा प्रयास है कि आशा आश्रय सामाजिक दायित्व का आईना बने। इस अवसर पर अंजड़ केश्री विपिन जैन, श्रीमती अनुभा जैन ,सिद्धि जैन एवं बड़वानी जैन समाज के वरिष्ठ श्री लोकेश चंद्र पहाड़िया ट्रस्ट के श्री सचिन दुबे श्री समाधान पाटील श्रीमती साधना भावसार उपस्थित थे।
61 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jul 8, 2026