कृषकों की आय बढ़ाने के लिए सरकार संकल्पित: मुख्यमंत्री डॉ यादव
बलराम कृषि महोत्सव से पूरे प्रदेश में है उत्सव का माहौल: मंत्री श्री शुक्ला
भिण्ड जिले में आयोजित हुआ बलराम कृषि महोत्सव
प्रगतिशील कृषकों और मेधावी विद्यार्थियों का किया गया सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कृषकों की आय बढ़ाने के लिए हमारी सरकार संकल्पित है और इस दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पूरा वर्ष किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी अनुक्रम में पूरे प्रदेश में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन हो रहा है, जिसमें किसान बढ़चढ़ कर सहभागिता कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव भिण्ड जिले के नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगड़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि जय जवान, जय किसान दोनों को गौरवान्वित करने वाली भिण्ड जिले की पावन धरती को वनखंडेश्वर महादेव और डॉक्टर हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि भिण्ड जिले में 3000 से अधिक किसानों ने 1250 हेक्टेयर क्षेत्रफल में प्राकृतिक खेती अपनाई है। जिले में 60 गौशालाएं संचालित हो रही हैं और दुग्ध संकलन में 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ग्राम पाण्डरी में स्वावलम्बी गौशाला में 5000 गौवंश के स्थायी आश्रय की व्यवस्था की जा रही है। मत्स्य पालन में 25 लाख से अधिक की लागत से आधुनिक तकनीक के आधार पर 8 मेट्रिक टन उत्पादन हुआ है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने जिले में सिंचाई सुविधा के अभूतपूर्व विकास के बारे में बताया कि चम्बल-कालीसिंध-पार्वती लिंक परियोजना से भिण्ड जिले को लाभ मिलने जा रहा है। सिमार स्टॉप डेम से 210 हेक्टेयर क्षेत्र और कनेरा उद्वहन सिंचाई परियोजना से 15 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। वर्तमान में राजघाट नहर परियोजना, चम्बल नहर प्रणाली और हरसी नहर प्रणाली से कुल 1 लाख 62 हजार 381 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई हो रही है।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव की पहल पर पूरे प्रदेश में उत्सव के माहौल में बलराम कृषि महोत्सव मनाया जा रहा है, जिसमें कृषक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भगवान बलराम की कृपा से किसान कल्याण वर्ष के आयोजनों के अच्छे परिणाम आएंगे।
कार्यक्रम में मंत्री श्री शुक्ला और विधायक भिण्ड श्री नरेंद्र सिंह कुशवाह द्वारा अन्य अतिथियों की उपस्थिति में दबोहामोड़ के श्री रामसनेही शर्मा को फलोद्यान नर्सरी, बडेरा के श्री पर्वत सिंह को नर्सरी, टुडिला के श्री जगदीश सिंह कंसाना को प्राकृतिक खेती, मानगढ़ के श्री रंजीत सिंह को जैविक खेती, बरूअनपुरा के श्री गंगाराम बघेल को जैविक खेती, सोनेलाल का पुरा के श्री अजय सिंह को केंचुआ खाद उत्पादन, उदन्नखेडा के श्री लक्ष्मण सिंह नरवरिया को जैविक खेती, सैपुरा के श्री संदीप सिंह को उन्नत तकनीकी से टमाटर एंव मिर्च उत्पादन, क्यारीपुरा के श्री कुलदीप सिंह भदौरिया को जैविक खेती और बड़ागांव नं. 1 के श्री गुरुप्रसन्न राजावत को देशी बीज संरक्षण के लिए शाल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिले के मेधावी विद्यार्थियों- निराली बघेल, कृतिका दुबे, प्रिंसी, साक्षी शर्मा, छवि परमार, सोनम देवी, साहिल यादव और अभय शर्मा को कक्षा 10वी और 12वी की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को कृषि वैज्ञानिक श्री राजपाल सिंह तोमर, डॉ एसपी सिंह और करणवीर सिंह ने भी संबोधित किया और उपस्थित कृषकों को कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन की आधुनिक तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य, उर्वरक उपयोग, इत्यादि विषयों पर जागरूक किया।
समारोह स्थल पर कृषकों की सुविधा हेतु कृषक पंजीयन, ई-केवाईसी तथा फॉर्मर आईडी पंजीयन के विशेष स्टाल लगाए गए थे। कार्यक्रम में पशुपालन और डेयरी विभाग, कृषक कल्याण विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, मत्स्य विभाग और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित भिण्ड द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई जिसके माध्यम से विभागीय उपलब्धियों और शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। स्वसहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का भी प्रदर्शन और विक्रय किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई।
कार्यक्रम में एपेक्स बैंक अध्यक्ष श्री महेंद्र सिंह यादव, अध्यक्ष जनपद पंचायत भिण्ड श्रीमती सरोज बघेल, उपाध्यक्ष नागरिक आपूर्ति निगम श्री संजीव कांकर, सीईओ जिला पंचायत श्री वीर सिंह चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री सूरज वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अधिकारी-कर्मचारी, कृषक और नागरिक उपस्थित थे।
#CMMadhyaPradedh
#JansamparkMP
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#बलराम_कृषि_महोत्सव
#भिण्ड
#Bhind
98 views | Bhind, Madhya Pradesh | Sep 5, 2026