#टिकट_बंटते_ही_फूटा_गुस्सा !
नाराजगी ऐसी कि भाजपा कार्यालय का सामान तक पहुंचा सड़क पर
नगरपालिका चुनाव में भाजपा की टिकट घोषणा के साथ ही शहर की सियासत में असंतोष के सुर तेज हो गए हैं। टिकट वितरण से नाराजगी के बीच एक भाजपा चुनावी कार्यालय पर ताला लगने और कार्यालय का सामान बाहर निकाले जाने की घटना ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
बताया जा रहा है कि जिस भवन में भाजपा का चुनावी कार्यालय संचालित हो रहा था, उसके संचालक कसेरा परिवार ने अपने करीबी व्यक्ति के लिए पार्षद का टिकट दिलाने की पैरवी की थी। हालांकि टिकट नहीं मिलने के बाद भवन संचालक की नाराजगी सामने आने लगी। इसी बीच कार्यालय को लेकर विवाद की स्थिति बनी और कार्यालय में रखा सामान बाहर सड़क पर दिखाई दिया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। भाजपा कार्यालय पर ताला लगने और सामान बाहर निकलने की चर्चा देखते ही देखते पूरे शहर में फैल गई। टिकट वितरण के बाद सामने आई इस घटना को लेकर राजनीतिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन कुमार धोलपुरिया ने घटना को लेकर अलग पक्ष रखा। उनका कहना है कि कार्यालय में ऐसी कोई बात नहीं हुई है। सफाई के दौरान सामान बाहर निकाला गया था।
उधर भवन संचालक और भामाशाह का कहना है कि उन्होंने पार्टी के चुनावी कार्य के लिए अपना एसी गेस्ट हाउस उपलब्ध करवाया था। उनकी ओर से अपने एक व्यक्ति को टिकट देने की मांग की गई थी, लेकिन टिकट वितरण में उनकी मांग को नजरअंदाज कर दिया गया, जिससे उन्हें ठेस पहुंची है। भवन संचालक का कहना है कि “जब इनको हमसे मतलब नहीं है तो हमें क्या मतलब है।”
नगरपालिका चुनाव के बीच टिकट वितरण के बाद सामने आई यह नाराजगी भाजपा के लिए स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि पार्टी पदाधिकारी इसे सामान्य घटनाक्रम बता रहे हैं, लेकिन भवन संचालक की नाराजगी और कार्यालय से सामान बाहर आने की घटना ने चुनावी माहौल में नई चर्चा छेड़ दी है।
अब देखना होगा कि टिकट वितरण के बाद उभरा यह असंतोष चुनावी मैदान में कितना असर डालता है और क्या पार्टी नाराज नेताओं व समर्थकों को मनाने में सफल हो पाती है।
#bissau #jhunjhunuupdate #NewsUpdate #electrician #shekhawatiexpress #BJPNEWS #CMORajasthan #PMO