कल्पनाथ राय की 27वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित, आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
मऊ। कसारा स्थित कल्पनाथ राय मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय कल्पनाथ राय की 27वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय और जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि स्वर्गीय कल्पनाथ राय एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने समाज और क्षेत्र के विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि उनके बताए आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और सभी को उनके पदचिह्नों पर चलकर राष्ट्र एवं समाज की सेवा का संकल्प लेना चाहिए। कहा कि कल्पनाथ राय ने शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में जो सपने देखे थे, उन्हें साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उपस्थित लोगों ने उनके जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कल्पनाथ राय मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ मनीष राय ने कहा कि हर जरूरतमंद को जिले में बेहतर स्वास्थ सुविधा मिले यह स्व. कल्पनाथ राय का सपना था, यहां हवाई चप्पल पहनकर आने वाले के लिए भी सभी सुविधा दी जाती है। कहा कि मेडिकल कॉलेज का उद्वेश्य ही गरीब को जिले में हर चिकित्सकीय सुविधा दिलाना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय कल्पनाथ राय को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, पूर्व मंत्री उत्पल राय, पूर्व विधायक उमेश चंद्र पांडेय, अशोक सिंह, आनंद प्रताप सिंह,संजय पांडेय, सुनील गुप्ता, मुन्ना दुबे, गिरजा राय आनंद सिंह, दुर्ग विजय राय, बजरंगी सिंह, आनंद सिंह रैकवार, योगेंद्र राय, राघवेंद्र राय, पूजा राय (कांग्रेस), पूजा राय (भाजपा), सचिंद्र सिंह, सूरज राय, आनंद चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।