पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, संगठन मजबूत करने पर जोर
जिला कार्यकारिणी की बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन, दावेदारों से आवेदन लेने की प्रक्रिया पर चर्चा; बैठक के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुतला फूंका
चूरू, 18 अक्टूबर। पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर जिला कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जैन गेस्ट हाउस में आयोजित जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों की रणनीति, संभावित प्रत्याशियों के चयन और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर चर्चा हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं को गांव-गांव सक्रिय कर जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल ने की। जिला ऑब्जर्वर सारिका चौधरी, जिला सहप्रभारी दिनेश कस्वां, तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया, रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया, पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया, पूर्व विधायक हाजी मकबूल मंडेलिया और भीमराज जाखड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में पंचायत समिति और जिला परिषद क्षेत्रों में संगठन की स्थिति की समीक्षा की गई। नेताओं ने चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और सामूहिक प्रयासों को जरूरी बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आमजन के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याएं उठाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
दावेदारों के चयन पर भी मंथन
बैठक में चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से आवेदन लेने की प्रक्रिया पर चर्चा हुई। संभावित प्रत्याशियों की स्थानीय स्तर पर सक्रियता, जनसंपर्क और संगठन के साथ समन्वय को चयन के लिहाज से महत्वपूर्ण विषयों के रूप में रखा गया। नेताओं ने पंचायत स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने और चुनावी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष इन्द्राज खीचड़, शहर ब्लॉक अध्यक्ष असलम खोखर, देहात ब्लॉक अध्यक्ष किशोर धान्धू, धर्मेन्द्र बुडानिया, संजय भाटी, आदुराम न्यौल, संजय कस्वां, सुरेन्द्र सोहनलाल मेघवाल, मोहम्मद हुसैन निर्बाण, रमजान खान और नारायण बालाण सहित पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन पार्षद लीलाधर चुलेट और जिला प्रवक्ता जमील चौहान ने किया।
#tharkiawaazajay #churu #Congress Rafique Mandelia Govind Singh Dotasra #Panchayat #ZilaParishad
Churu, Churu | Oct 18, 2026