आज दिनांक 19.07.2026 को बिहार में 551 'सरस्वती विद्या निकेतन' (आदर्श विद्यालय) का शुभारंभ किया गया। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने पटना से डिजिटल माध्यम के जरिए इन विद्यालयों का राज्यव्यापी उद्घाटन किया।
इसी क्रम में रोहतास जिले के सभी 19 प्रखंडों में एक-एक 'सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय)' का उद्घाटन किया गया। जिला मुख्यालय सासाराम में आयोजित उद्घाटन समारोह में जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्र ने भाग लिया।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। 'सरस्वती विद्या निकेतन' इसी सोच का साकार रूप है, जहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं तथा नवीन शिक्षण पद्धति का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है और इन आदर्श विद्यालयों के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी निजी विद्यालयों के समान उत्कृष्ट शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इन मॉडल विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल शिक्षण सामग्री, पुस्तकालय, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, स्वच्छ पेयजल, बेहतर स्वच्छता व्यवस्था तथा खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इससे बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ेगी तथा उनकी रचनात्मक एवं नवाचार क्षमता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य सरकारी विद्यालयों को आधुनिक शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित करना है, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर मिल सके। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे नई तकनीकों एवं नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाकर विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा उनकी पढ़ाई में सहयोग करें। प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से इन विद्यालयों को उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, छात्र, उप विकास आयुक्त, रोहतास, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नगर आयुक्त नगर निगम सासाराम, सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी मौजूद थे।
#IPRD
#BiharEducationDepartment
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Education Department
95 views | Patna, Bihar | Jul 19, 2026