महराजगंज में रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला! दो माह के मासूम की बलि देने की थी साजिश, 100 CCTV खंगाल दिल्ली से पुलिस ने बचाई जान
अमावस्या के दिन मासूम की बलि देने की थी कथित योजना, अंधविश्वास में रची गई अपहरण की खौफनाक साजिश; दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार
महराजगंज। जनपद के ठूठीबारी थाना क्षेत्र से दो माह के मासूम बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिस मासूम को उसके माता-पिता के पास सुरक्षित होना चाहिए था, उसे कथित तौर पर अंधविश्वास के चलते बलि देने की खौफनाक साजिश के तहत अगवा कर लिया गया। हालांकि, महराजगंज पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच ने मासूम की जिंदगी बचा ली।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में ठूठीबारी पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से अपहृत दो माह के बच्चे विक्की को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
रात में सोते समय गायब हुआ था मासूम
जानकारी के मुताबिक, 3 नवंबर की रात ग्राम राजाबारी टोला रमजीता निवासी गोविन्द अपनी पत्नी और दो माह के बेटे विक्की के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 2 से 4 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर मासूम को उठा ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
100 से अधिक CCTV कैमरों ने खोला राज
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आसपास के रास्तों तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक संदिग्ध महिला सुबह करीब 3:57 बजे बच्चे को लेकर जाती दिखाई दी। पुलिस ने एक-एक सुराग जोड़ते हुए महिला की पहचान सावित्री के रूप में की। सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम महराजगंज से दिल्ली तक पहुंच गई।
आखिरकार दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड पर सावित्री और करण कुमार गौतम के पास से मासूम विक्की को सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चे की पहचान पिता से कराई गई और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
अमावस्या पर बलि देने की थी कथित योजना!
पुलिस पूछताछ के अनुसार, इस अपहरण के पीछे अंधविश्वास से जुड़ी बेहद भयावह साजिश सामने आई है। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि अमावस्या के दिन मासूम की बलि देने की योजना बनाई गई थी। उनका अंधविश्वास था कि ऐसा करने से सरस्वती का वर्षों से लापता पति और पुत्र वापस लौट आएंगे तथा परिवार में हो रही अकाल मृत्यु की घटनाएं रुक जाएंगी। पुलिस के अनुसार, नेपाल के बैरियहवा के एक कथित झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति की सलाह पर यह साजिश रची गई थी।
दो महिलाओं सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में सावित्री, सरस्वती और करण कुमार गौतम को गिरफ्तार किया है। तीनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को ₹25 हजार का पुरस्कार
मासूम की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी में ठूठीबारी पुलिस, एसओजी, स्वाट, सर्विलांस टीम और डॉग ट्रैकर स्क्वायड की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने सफल कार्रवाई करने वाली टीम को ₹25,000 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
मासूम की सकुशल वापसी से परिवार में लौटी खुशियां, वहीं इस घटना ने अंधविश्वास के नाम पर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली साजिश को उजागर कर दिया।
महराजगंज एक्सप्रेस न्यूज़ | जनहित में निष्पक्ष खबर